जसवंतनगर। थाना क्षेत्र में अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घटनाओं के बाद घायलों को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें सैफई आयुर्विज्ञान विवि रेफर कर दिया गया।
सोमवार को पहली दुर्घटना नगर के कृष्ण बाजार के पास हुई, जहां महलई टोला निवासी निहाल वर्मा (24) पुत्र राजीव वर्मा अपनी ई-बाइक से घर जा रहा था। अचानक उसकी बाइक फिसल गई, जिससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। सिर में गहरी चोट लगने से उसके खून बहने लगा।
मौके पर मौजूद दुकानदारों और राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और निहाल को थ्री-व्हीलर से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। डॉक्टरों ने स्थिति गंभीर देखते हुए उसे सैफई पीजीआई रेफर कर दिया, जहां से परिजन उसे आगरा अस्पताल ले गए। दूसरी दुर्घटना थाना क्षेत्र के ग्राम नगला अर्जुन को जाने वाली सड़क पर हुई। यहां के रहने वाले सौरभ कुमार (23) पुत्र नेत्रपाल सिंह अपनी बाइक से घर लौट रहे थे, तभी भट्टे के पास रहने वाले धर्मेंद्र ने बाइक से टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने सौरभ की हालत नाजुक होने पर उसे सैफई पीजीआई रेफर कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।