इटावा। शहर के केके डिग्री कॉलेज में एक युवती को बीएड की परीक्षा दिलाने आया युवक मौके पर पहुंचे युवती के परिजनों से भिड़ गया। उसने परिजनों के युवती के ले जाने पर विरोध किया। इसे लेकर हंगामा हो गया। करीब 15 मिनट तक हाई वोल्टेज ड्रामा चला। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस युवक को थाने ले आई। उसके खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की गई है।
लखनऊ की रहने वाली एक युवती मंगलवार दोपहर हाथरस के रहने वाले एक युवक के साथ शहर के केके डिग्री काॅलेज में बीएड की परीक्षा देने के लिए पहुंची थी। दोनों परीक्षा केंद्र के बाहर खड़े थे। इस बीच युवती के पिता व अन्य परिजन पहुंच गए और अपनी बेटी को देखकर उसे अपने साथ ले जाने लगे। इसका युवक ने विरोध शुरू किया तो तनातनी के साथ हंगामा शुरू हो गया।
बीच सड़क पर हाई वोल्टेज ड्रामा देखकर भीड़ लग गई। सूचना पर पहुंची डायल 112 ने दोनों पक्षों से पूछताछ की। युवती ने बताया कि साथ आए युवक उसका पति है। वह उससे शादी कर चुकी है जबकि पिता का कहना है था कि उक्त युवक उसकी बेटी को बहलाकर ले गया है। युवक का पुलिस ने शांतिभंग में चालान कर दिया। जबकि युवती की परीक्षा निगरानी में कराई गई। थाना प्रभारी निरीक्षक यशवंत सिंह ने बताया कि दोनों बालिग है, जिन्होंने घर की बिना मर्जी की शादी की है।