पुखरायां। कार से कानपुर नगर में गांजा सप्लाई करने जा रहे तीन अंतर्जनपदीय तस्करों को स्वाट टीम व भोगनीपुर थाना पुलिस ने कानपुर-झांसी हाईवे पर दौलतपुर के पास दबोच लिया। पुलिस ने उनके पास से 7.18 लाख रुपये का 28.720 ग्राम गांजा व अन्य सामान बरामद किया है।
सर्विलांस व स्वाट टीम के साथ भोगनीपुर थानाध्यक्ष अमरेंद्र बहादुर सिंह ने गुरुवार रात को दौलतपुर के पास हाईवे पर घेराबंदी कर एक कार पकड़ी। तलाशी में पुलिस ने दो बंडल में 28.720 किलोग्राम गांजा बरामद किया। साथ ही कार में मौजूद तीन तस्करों से 1050 रुपये, एक मोबाइल, दो आधार कार्ड, एक ड्राइविंग लाइसेंस, एक पेनकार्ड, पांच एटीएम व डेविट कार्ड बरामद किए हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम बाराबंकी के टिकैत नगर थाना के बांसगांव निवासी राजेंद्र प्रताप सिंह, जौनपुर के थाना लाइन के भूपत पट्टी चांदमारी निवासी नवनीत सिंह और थाना बरसठी के तेजगढ़ निवासी सुरजीत कुमार बताया। तस्करों ने बताया कि वह अलग अलग प्रदेशों से गांजा खरीदकर लाते हैं। इसके बाद कानपुर नगर व आसपास के जिलों में बेंच कर घर का खर्च चलाते हैं। थानाध्यक्ष अमरेंद्र बहादुर ने बताया कि राजेंद्र प्रताप वर्ष 2024 में कानपुर नगर के गुजैनी थाना से गांजा तस्करी में पकड़ा जा चुका है। तस्करों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेजा गया है।