कानपुर देहात। अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के बेवन गांव से डेढ़ माह पहले हुई चोरी का शनिवार को पुलिस ने खुलासा किया। पुलिस ने इटावा जनपद के बकेवर की रिश्तेदार मां-बेटी समेत तीन को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। उनके पास से चोरी का सामान भी बरामद हुई है।
कोतवाली प्रभारी सतीश सिंह ने बताया कि बेवन निवासी मनोज कुमार सीमा सुरक्षा बल में कार्यरत हैं। इस समय उनकी तैनाती नेपाल बार्डर पर है। नवंबर माह में उनके घर इटावा जिले के महेवा, थाना बकेवर निवासी रिश्तेदार रेनू अपनी पुत्री इशिका के साथ आई थीं। 24 नवंबर 2023 की रात में उनके घर से सोने चांदी के आभूषण चोरी हो गए थे। मामले में मनोज की पत्नी बीना ने घटना के दूसरे दिन रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस छानबीन करते हुए सर्विलांस की मदद ली। इस पर घटना की शाम रेनू व उनके गांव के अरुण उर्फ कन्नू से बातचीत होने तथा अरुण के बेवन में घटना की रात में आने व करीब 45 मिनट रुकने के बाद वापस जाने की बात प्रकाश में आई। पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। शनिवार को लालपुर स्टेशन के पास से अरुण को पकड़ा गया। पूछताछ के बाद पुलिस ने उनकी सहयोगी रही रेनू व उसकी पुत्री इशिका को पकड़ा। पूछताछ में रेनू ने बताया कि उसने ही अरुण को बुलाया था। पकड़ी गई मां-बेटी व अरुण के पास से चोरी के आभूषण बरामद हुए है। कोतवाल ने बताया कि तीनों को जेल भेजा गया है।