कानपुर में बर्रा पुलिस ने शुक्रवार को 10 किलो गांजा के साथ आईटीआई छात्रा समेत तीन शातिरों को गिरफ्तार किया है। छात्रा की दादी से लेकर पिता भी गांजा बेचने में जेल जा चुके हैं।
सीओ गोविंदनगर विकास पांडेय ने बताया कि बर्रा पुलिस ने पीले पुल से मलिकपुरम की ओर जाने वाले मार्ग से एक युवती और दो युवकों को दो बोरों के साथ पकड़ा।
एक बोरे में साढ़े 10 किलो गांजा और दूसरे बोरे में 52,200 रुपये नगद मिले। पकड़े गए आरोपी गुजैनी टिकरा कच्ची बस्ती निवासी रामचंद्र, गोविंदनगर ब्लॉक-6 निवासी हलवाई धर्मेंद्र कुमार प्रजापति और गोविंदनगर बी-ब्लॉक निवासी सोनाली हैं।
सोनाली आईटीआई कर रही है। सीओ के अनुसार युवती का पिता राजेश शर्मा ही इस गिरोह का सरगना है। पिता और दादी की तलाश की जा रही है। पुलिस को सरगना के घर में भारी मात्रा में मादक पदार्थ छिपा होने का इनपुट मिला है। थाना प्रभारी हरमीत सिंह ने बताया कि जल्द पूरे घर की तलाशी ली जाएगी।