खेत से मिट्टी के खनन से बने तालाब में बारिश का पानी भरने से शुक्रवार की दोपहर दो सगे और एक चचेरे भाई की मौत हो गई। सिस्टम के गड्ढे में तीनों होनहार छात्रों की जान जाने से जहां परिजनाें में कोहराम मचा है, वहीं गांव में मातम का माहौल है।
ग्रामीणाें का आरोप है कि दो दिन पूर्व मानक के विपरीत खनन होने से खेत तालाब के रूप में तब्दील हुआ। उधर, लेखपाल ने परिजनों को चार-चार लाख की सहायता मुहैया कराने का आश्वासन दिया है।
सुरसा थाना क्षेत्र अंतर्गत पचकोहरा के मजरा मढ़िया गांव निवासी श्याम बिहारी के खेत में दो दिन पूर्व एक ईंट भट्ठा मालिक ने मिट्टी का खनन कराया था।
आरोप है कि मिट्टी का खनन काफी बड़े क्षेत्र में बेतरतीब ढंग से कराने से खेत में तालाब बन गया। साथ ही पिछले दिनों हुई बारिश का पानी इसमें भर गया।
दोपहर तीन बजे राधेश्याम के पुत्र अनुज (14) और कन्हैया (12) अपने चचेरे भाई गोपी (15) पुत्र आनंद संग गांव के अन्य बच्चों के साथ घूमते-घूमते खेत के पास पहुंचे और तालाब में नहाने के लिए छलांग लगा दी। कक्षा नौ में पढ़ने वाला अनुज, कक्षा चार का छात्र कन्हैया और कक्षा आठ में पढ़ने वाला गोपी डूबने लगा।
तीनों को डूबता देख अन्य बच्चे घबरा गए और गांव की ओर भागकर परिजनों को जानकारी दी। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों और परिजनों ने डूबे तीनों बच्चों की तलाश कराई।
एक घंटे की मशक्कत के बाद शाम चार बजे तीनों बच्चों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल लेकर आए, जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर पुलिस भी गांव पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने बताया कि तीनों भाई पचकोहरा के अवध बिहारी पब्लिक स्कूल में पढ़ते थे। लेखपाल अमरेश कुमार ने भी गांव पहुंचकर ग्रामीणों से पूछताछ की रिपोर्ट उपजिलाधिकारी सदर राकेश गुप्ता सौंप दी।
‘जिस खेत में मिट्टी का खनन किया गया है, उसकी अनुमति संबंधित भट्ठा मालिक के पास है। अब इस बात की जांच की जाएगी कि निर्धारित मानक से अधिक गहराई, लंबाई और चौड़ाई में तो खनन नहीं किया गया। अगर ऐसा मिला तो कार्रवाई की जाएगी।’
राकेश गुप्ता, उपजिलाधिकारी सदर
खनन के तालाब में तीन भाइयों की डूबकर मौत
नहाने के दौरान हुआ हादसा, दो सगे और एक चचेरा भाई था
लेखपाल बोले, परिजनों को चार-चार लाख रुपये दिए जाएंगे
हरदोई में अवैध खनन के गड्ढे में डूबकर हुई दो बेटों की मौत पर बिलखती मां राजकुमारी और पिता राधेश्य?- फोटो : HARDOI
हरदोई में मृतक गोपी के पिता आनंद को ढांढस बंधाकर ले जाते भाजयुमो के महामंत्री अर्जुन सिंह। अमर उज- फोटो : HARDOI