यूपी के फतेहपुर जिले में बांदा-टांडा मार्ग पर बुधवार सुबह करीब छह बजे ट्रक और डंपर में भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में डंपर चालक, खलासी और ट्रक चालक की मौत हो गई। वाहनों के दो खलासी घायल हुए हैं। डंपर के दूसरे खलासी की हालत नाजुक है। दुर्घटना के बाद हाईवे पर करीब तीन घंटे यातायात बाधित रहा। पुलिस ने क्रेन से वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया। हादसा ट्रक चालक को झपकी आने से होना माना जा रहा है। मृतकों में गोंडा, फिरोजाबाद और बांदा के लोग हैं।
हादसा हाईवे पर ललौली थाने के शंकरपुरवा पेट्रोल पंप के पास हुआ। गोंडा से बांदा ट्रक मौरंग लादने जा रहा था। पेट्रोल पंप के पास विपरीत दिशा से डंपर गिट्टी लादकर आ रहा था। तभी भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। पुलिस ने मशक्कत के बाद वाहनों में फंसे घायलों को बाहर निकाला। ट्रक चालक अशफाक (24) पुत्र मंसूर अहमद निवासी परसापुर मरोड़ा थाना वजीरपुर जिला गोंडा की मौके पर ही मौत हो गई।