खोजबीन करता डॉग स्क्वायड व फोरेंसिक टीम
- फोटो : अमर उजाला
यूपी के फर्रुखाबाद जिले में युवक की हत्या कर शव सड़क किनारे फेंक दिया गया। उसकी पहचान छिपाने को चेहरे पर तेजाब डाला गया। इसके बाद उस पर मोबिल ऑयल डाल दिया गया। शव की हालत से लग रहा है कि तीन-चार दिन पहले हत्या की गई होगी। पर उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी।
मऊदरवाजा थाना क्षेत्र में कायमगंज-फर्रुखाबाद मार्ग पर गांव हथियापुर के पास बुआदाती गैस एजेंसी से कुछ कदम की दूरी पर सड़क किनारे झाड़ियों में करीब 35 वर्षीय एक युवक का लोगों ने शव पड़ा देखा। शव से बदबू आ रही थी। इससे वहां कोई रुकने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा था।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। उसने छानबीन शुरू की पर कुछ पता नहीं चला। शव की हालत से लग रहा था कि उसकी पहचान छिपाने के लिए हत्या करने के बाद उसके चेहरे पर तेजाब डाला गया। इसके बाद काला मोबिल ऑयल डाल दिया गया। इससे पूरा शरीर काला हो गया था। युवक के शरीर पर काले रंग की पैंट व काली-सफेद चेकदार शर्ट थी। शव फूलने व जगह-जगह से मांस जानवरों के नोचने से यह स्पष्ट नहीं हो सका कि युवक की हत्या कैसे की गई है। शव एक पैर में चप्पल थी और दूसरी कुछ दूरी पर पड़ी थी।