हॉटस्पॉट इलाकों में पुलिस का पहरा
- फोटो : अमर उजाला
कानपुर के कोरोना संक्रमित छह मरीजों की लखनऊ से जांच रिपोर्ट आने के बाद तीन के लापता होने से शुक्रवार सुबह हड़कंप मच गया। तीनों को होम क्वारंटीन किया गया था। सैंपल कलेक्शन के वक्त दर्ज किए पते पर मरीजों के न मिलने से पुलिस-प्रशासन और मेडिकल अफसरों के हाथ पैर फूल गए।
हालांकि दोपहर बाद पुलिस ने तीनों को एक-एक करके खोज निकाला। एसपी पूर्वी ने बताया कि पता सही न होने के कारण मरीजों तक पहुंचने में देरी हुई। तीनों को भर्ती करवा दिया गया है। पुलिस जिन लोगों के सैंपल पुलिस संकलित करवाती है, उसमें मरीज का नाम, पता और मोबाइल नंबर आदि दर्ज करवाती है।
शुक्रवार सुबह किंगजार्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी लखनऊ ने कानपुर के कुछ सैंपलों की रिपोर्ट जारी की गई। इसमें से छह मरीजों में कोरोना की पुष्टि हुई। पुलिस प्रशासन और मेडिकल टीमों ने मरीजों से संपर्क करना शुरू किया।
इस पर तीन मरीजों (दो गर्भवती महिलाएं व एक पुरुष) का पता नहीं चला। एसपी पूर्वी राजकुमार अग्रवाल ने बताया तीनों मरीजों के सैंपल मेडिकल टीम ने कलेक्ट किए थे। इसमें नाम की जगह महिला और पुरुष, उम्र और पते की जगह केवल इलाके का नाम लिखा था। इस वजह से पुलिस को मरीजों को ट्रेस करने में मुश्किल हुुई।