कक्षा दो के तीन छात्रों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। वे स्कूल से लौटने के बाद गर्मी से परेशान होकर गांव के ही तालाब में नहाने गए थे। कोतवाली क्षेत्र के जनता गांव निवासी गोरेलाल का पुत्र विष्णु (7), अर्जुन का पुत्र अंश (7), स्व. सुनील का पुत्र आयुष (7) गांव स्थित प्राइमरी स्कूल में कक्षा दो के छात्र थे। तीनों छात्र बुधवार को स्कूल से दोपहर अपने घर पहुंचे।
दोपहर करीब साढ़े तीन बजे घर पर खाना खाने के बाद गर्मी से राहत के लिए गांव स्थित तालाब में नहाने पहुंच गए। वे नहाते समय अचानक गहराई में चले गए और डूबने लगे। तालाब से कुछ दूरी पर गांव के ही कुछ लोग बकरी चरा रहे थे। उन्होंने बच्चों को डूबता देख शोर मचाया। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर एक घंटे बाद सभी को तालाब से बाहर निकाला।
उन्हें सीएचसी में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर सीओ सुशील दुबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। बिंदकी एसडीएम अर्चना अग्निहोत्री ने बताया कि परिवार से मिलकर दैवीय आपदा अनुग्रह अनुदान के तहत आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।