कानपुर के पनकी में मंगलवार रात को एसटीएफ के साथ मुठभेड़ के बाद पकड़े गए एक लाख के इनामी बदमाश नौबस्ता हंसपुरम निवासी विक्की सोनी पर तीन एफआईआर दर्ज की गई हैं। एसटीएफ पर जानलेवा हमला करने और उसके पास से मिली पिस्टल के चलते आर्म्स एक्ट में पनकी थाने में केस दर्ज हुआ है।
इसके अलावा जिस युवक की छह साल पहले हत्या की थी, उसके भाई को धमकी देने के मामले में भी रिपोर्ट दर्ज की गई है।इसके साथ ही विक्की के गिरोह पर गैंगस्टर लगाया जाएगा। इसमें उसके उन साथियों को शामिल किया जाएगा, जिनके संग मिलकर उसने हत्या की थी।
इन सभी ने उसे फरार कराने की साजिश भी रची थी। पुलिस सभी का आपराधिक इतिहास जुटा रही है। तीन अक्तूबर 2019 को पेशी के दौरान हत्यारोपी विक्की सोनी कचहरी से फरार हो गया था। डीआईजी डॉ. प्रीतिंदर सिंह ने बताया कि विक्की सोनी पर हत्या, फरारी, रंगदारी के केस दर्ज थे।
अब दो और केस दर्ज किए गए हैं। 2015 में रोहित भदौरिया की हत्या में शामिल रहे उसके साथी रामजी मिश्रा, रोहित बहेलिया समेत उसको फरार कराने वाले उसके भाई दीपचंद सोनी आदि पर गैंगस्टर की कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में पनकी पुलिस को निर्देश दिए गए हैं। सभी की हिस्ट्रीशीटर खुलेगी।
नाले में गिरने से हाथ-पैर टूटे
मुठभेड़ के दौरान भागते समय विक्की बाइक समेत नाले में गिर गया था। उसे हैलट में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक एक हाथ और एक पैर टूट गया है। इलाज में समय लगेगा। स्वस्थ होने के बाद उसको जेल भेजा जाएगा। पनकी एसओ अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने बुधवार को उसके बयान दर्ज किए हैं। मुठभेड़ के दौरान फरार तीन साथियों की तलाश में एसटीएफ की टीम लगी है।
आधा दर्जन लोग चिह्नित, जाएंगे जेल
एसटीएफ सूत्रों के मुताबिक विक्की को फरार कराने से लेकर बाद में उसकी मदद करने और सुरक्षित जगह ठहराने वालों को चिह्नित किया गया है। करीब आधा दर्जन लोग हैं। इसमें चार लोग शहर के हैं। एक फतेहपुर का है। इसके अलावा अभी और कई नाम जुड़ेंगे। साक्ष्य जुटाने के बाद एफआईआर दर्ज कर सभी को जेल भेजा जाएगा।