जसवंतनगर। कस्बे के मोहल्ला सिसहाट में बुधवार देर शाम तीन भाइयों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद के दौरान छोटे भाई विपिन ने चाकू से भाइयों पर हमला कर दिया। जिसके बाद चाकू की छीनाझपटी और मारपीट में तीनों भाई और एक भतीजा घायल हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गांव निवासी सुखराम के तीन बेटों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। सभी भाइयों ने एक दूसरे पर हमला कर दिया। विपिन ने चाकू से बड़े भाई राजेश कुमार पर वार कर दिया। जिससे राजेश गंभीर रूप से घायल हो गया। झगड़े में राजेश का पुत्र शिवम भी घायल हो गया। मारपीट में छोटे भाई विपिन कुमार व रतन कुमार को भी चोटें आईं हैं। परिजनों और पड़ोसियों ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद राजेश और विपिन को आयुर्विज्ञान विवि सैफई रेफर कर दिया। कस्बा इंचार्ज मनीष कुमार ने बताया कि पारिवारिक विवाद के चलते झगड़ा हुआ था, फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है। (संवाद)