औरैया। अछल्दा के नेविलगंज में एक बंद घर के पीछे गेट की कुंडी काटकर चोर दाखिल हो गए। दो लाख का कीमती सामान समेटते हुए निकल गए। घटना के समय गृहस्वामी बीमार वृद्ध मां को दिखाने दिल्ली लेकर गया था। सूचना पर लौटे मकान मालिक ने पुलिस को सूचना दी।
कस्बा के नेविलगंज निवासी शिवम पोरवाल ने पुलिस को शिकायती पत्र देकर चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़ित ने बताया कि उसकी मां शांति देवी 15 दिन पहले औरैया शादी में आईं थीं। अचानक से गिरने से उनका कूल्हा टूट गया था। उनको दिल्ली लेकर चले गए थे।
गुरुवार देर शाम पड़ोसी ने फोन से ताला टूटे होने की जानकारी दी। इस पर वह रात को गांव लौटा। जहां घर के पीछे लगे लकड़ी के गेट की कुंडी कटी थी। अंदर कमरे में रखी अलमारी के लॉकर में रखे चांदी के 25 सिक्के, सोने की जंजीर, सोने की तीन अंगूठियां, कानों के कुंडल व टाप्स के अलावा कमरे में रखा इन्वर्टर, बैटरी, टीवी व अन्य सामान पार कर ले गए।
करीब दो लाख का नुकसान हुआ है। पीड़ित की सूचना पर पुलिस ने मौके पर जांच की। थानाध्यक्ष रमेश सिंह ने बताया कि तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्द चोरी का खुलासा किया जाएगा। (संवाद)