कानपुर। कश्मीर के पहलगाम में आतंकी घटना के बाद पर्यटकों में डर का माहाैल है। इसका असर शहर में भी है। अप्रैल महीने में शहर से श्रीनगर जाने वाले करीब 60 परिवारों ने अपने टूर पैकेज रद्द करा दिया हैं। इनमें अधिकतर कपल हैं, जिनकी नई शादी हुई है। ट्रैवल एजेंसियों के मुताबिक, पैकेज रद्द कराने वाले लोग अनुरोध कर रहे हैं कि वह आतंकी घटना से सदमे हैं। ऐसे में कश्मीर की यात्रा करके खतरा मोल नहीं ले सकते हैं।
पहलगाम में आतंकी घटना के बाद मई और जून में भी जम्मू-कश्मीर जाने वाले करीब 450 परिवारों में करीब 20 फीसदी लोगों ने हिमांचल, केरल, शिलॉन्ग जैसी जगहों पर जाने की योजना बना ली है। ट्रैवल एजेंसियों के मुताबिक, पहलगाम के लिए बुक किए गए कई टूर पैकेजों को रद्द करने के लिए अनुरोध आ रहे हैं। इन लोगों को अगले कुछ हफ्तों में यात्रा करनी थी। अब इन्होंने अपना प्लान रद्द कर दिया है। ट्रैवल एजेंसी के संचालक शारिक अल्वी ने बताया कि पहलगाम घटना के बाद लगातार फोन आ रहे हैं। लोग अपनी बुकिंग रद्द कराना चाहते हैं। इसके अलावा कई ग्राहक दूसरे सुरक्षित पर्यटन स्थलों की जानकारी ले रहे हैं। बताया कि शहर से हर साल 1300 परिवार गर्मी के माैसम में घूमने जाते हैं। इसमें करीब 40 फीसदी परिवार श्रीनगर जाते हैं। अन्य 60 फीसदी पूरे देश और विदेश की यात्रा करते हैं।
ट्रैवेल एजेंसी के संचालक लकी अरोड़ा ने बताया कि इस घटना का असर व्यवसाय पर पड़ा है। नई बुकिंग रुक गई हैं। आशंका जताई कि इसका असर पर्यटन सीजन पर पड़ सकता है। बताया कि जिन परिवारों ने यात्रा रद्द कराई है, उनका कहना है कि वह आतंकी घटना से सदमे में हैं। ऐसे में कश्मीर की यात्रा करके खतरा मोल नहीं ले सकते।