राजपुर। जल्लापुर के कठेरिया मोहाल स्थित तालाब की बीते कई वर्षों से सफाई न होने के कारण होने वाले जलभराव से लोगों को निजात मिल जाएगी। बृहस्पतिवार को सफाईकर्मियों ने बुलडोजर से तालाब की सफाई का काम शुरू किया है।
तालाब में गंदगी जमा होने से मोहल्ले में जलभराव हो गया था। लोगों के घरों के सामने दूषित पानी और कीचड़ होने से संक्रामक बीमारियां फैल रही थी। स्थानीय निवासी रामकुमार कठेरिया के बच्चे खुशी, गोविंद समेत रिचा, लव, विमल, दिव्या, शिवा सहित 30 से 40 लोग संक्रामक बीमारी की चपेट में आ गए थे। अमर उजाला ने 10 मई के अंक में सड़क पर भर रहा तालाब का गंदा पानी शीर्षक के साथ खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया। सीडीओ विधान जायसवाल ने खबर का संज्ञान लेते हुए बीडीओ को जल्द से जल्द तालाब की सफाई कराने के निर्देश दिए।
बीडीओ प्रदीप कुमार ने 20 सफाई कर्मियों के साथ पहुंच बुलडोजर से तालाब की सफाई कराई। साथ ही गंदगी को ट्रैक्टर से गांव के बाहर फिंकवाया। इसके अलावा गांव में अभियान चलाते हुए नालियों की सफाई कराते हुए कीटनाशक दवा का छिड़काव किया गया। गांव में सफाई अभियान चलाए जाने पर ग्रामीण देवा, वीरू, रामकुमार, श्रीराम, बृजेश, अंकित सहित अन्य ने अमर उजाला का आभार व्यक्त किया। खंड विकास अधिकारी ने बताया कि तालाब में जमा सिल्ट व गंदगी की सफाई कराई जा रही है। जल्द ही जगह-जगह टूटी नालियों की मरम्मत का कार्य किया जाएगा।