कानपुर। शहर की करीब दो लाख आबादी को 17 से 26 अप्रैल तक 10 दिन पानी की समस्या का सामना करना पड़ेगा। जल निगम चुन्नीगंज मेट्रो स्टेशन और मकरावटगंज में नई मुख्य पाइपलाइन जोड़ेगा। इस अवधि में गंगा बैराज से पानी की आपूर्ति वाले इलाके प्रभावित होंगे। करीब 45 से 50 मोहल्लों में जलापूर्ति पूरी तरह ठप रहेगी।
उत्तरप्रदेश जल निगम (नगरीय) के अधिशासी अभियंता ने बताया कि 15वें वित्त आयोग के तहत नई 1500/1400/1200 एमएम की पाइपलाइन बिछाने का कार्य चल रहा है। इसके तहत मकरावटगंज ढाल और चुन्नीगंज मेट्रो स्टेशन के पास नई लाइन से इंटर कनेक्शन कार्य किया जाएगा। इस कारण कंपनी बाग से फूलबाग की ओर जाने वाली फीडर मेन पाइप लाइन में जलापूर्ति बाधित रहेगी। इससे करीब दो लाख की आबादी प्रभावित होगी।
इन इलाकों में नहीं आएगा पानी
पटकापुर, कुरसवां, इटावा बाजार, सिविल लाइंस, परेड, नई सड़क, शिवाला, हटिया, नवीन मार्केट, हरबंश मोहाल, गड़रियन पुरवा, कंघी मोहाल, एक्सप्रेस रोड, मूलगंज सहित शहर के करीब 45 से 50 मोहल्लों में पानी नहीं आएगा।
1800-180-5124 और 9235553826 पर कॉल कर मंगाया सकते पानी का टैंकर
शहर के अधिकतर इलाकों में जलकल ही पानी की आपूर्ति करता है। जलकल के महाप्रबंधक आनंद प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि जहां भी जरूरत होगी टैंकर से पानी की आपूर्ति कराई जाएगी। इसके अलावा, जरूरत पर जलकल के हेल्पलाइन नंबर- 1800-180-5124 और कंट्रोल रूम के नंबर- 9235553826 पर कॉल कर भी पानी का टैंकर मंगाया जा सकता है। कहीं भी पानी की कमी नहीं होने दी जाएगी।
पुरानी लाइनें हो गई थी जर्जर
बैराज से आने वाली जल निगम की पाइपलाइनें पुरानी हो गई हैं। इस वजह से अक्सर क्षतिग्रस्त हो जाती और पानी की आपूर्ति प्रभावित होती है। इस समस्या से शहरवासियों को निजात दिलाने के लिए ही बैराज से कंपनी बाग चौराहा होते हुए मैकराबर्टंगज और दक्षिण में शास्त्री चौक से गौशाला तक नई लाइनें डाली गई हैं। अब इन्हें जोड़ने का कार्य किया जा रहा है।