निर्माणाधीन पुलिया के पास कार्यदायी संस्था ने न तो कोई संकेतक लगवाए और न ही डायवर्जन का बोर्ड। इसका नतीजा यह हुुआ कि मामा के साथ बाइक से जा रहे दूल्हे के भाई की निर्माणाधीन पुलिया से टकरा कर मौत हो गई। गंभीर हालत में मामा को लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
देहात कोतवाली क्षेत्र के नया गांव निवासी राकेश खेती करते हैं। उनके बड़े पुत्र श्याम की बरात सोमवार को देहात कोतवाली क्षेत्र के महोलिया शिवपार गई थी। शादी में उनका सबसे छोटा बेटा चंदन (24) भी गया था। रात में जयमाल के बाद कपड़े बदलने के लिए चंदन अपने मामा नीरज (35) के साथ बाइक से गांव जा रहा था। देहात कोतवाली क्षेत्र में नानकगंज खदरा मार्ग पर बाइक निर्माणाधीन पुलिया से टकरा गई।
हादसे में चंदन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा नीरज घायल हो गया। घटना की जानकारी पर परिजन समारोह छोड़कर घटनास्थल पर पहुंच गए। इसी बीच पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। नीरज को लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। घटनास्थल पर मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृ़ढ़ीकरण का काम चल रहा है। यहां पुलिया भी बन रही है। पुलिया के पास न तो कोई संकेतक है और न ही रूट डायवर्जन का कोई बोर्ड लगा है। परिजनों का कहना है कि अगर पुलिया के पास कोई बाेर्ड लगा होता तो शायद हादसा न होता।