कानपुर। इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) कानपुर चैप्टर की ओर से बुधवार को आईआईए भवन सभागार में औद्योगिक क्षेत्र की कानून व्यवस्था एवं साइबर क्राइम से बचाव विषय पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। उद्यमियों ने औद्योगिक क्षेत्र के लिए अलग थाना और एसीपी की नियुक्ति की मांग उठाई।
मुख्य वक्ता पुलिस उपायुक्त (क्राइम) एसएम कासिम आब्दी ने साइबर अपराधों के प्रति उद्यमियों को सचेत किया। उन्होंने साइबर अपराध की रोकथाम के लिए पुलिस विभाग के हेल्पलाइन और ऑनलाइन पोर्टल पर सूचना देने की बात कही। पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील वैश्य ने औद्योगिक क्षेत्र में अलग थाना और एसीपी की नियुक्ति की मांग उठाई। फैक्टरी एरिया में पुलिस चौकी में फोर्स की वृद्धि, औद्योगिक क्षेत्र से अतिक्रमण हटाने, श्रमिकों के पुलिस सत्यापन की प्रक्रिया को बढ़ाने दादानगर चौराहे पर ट्रैफिक नियमों का कड़ाई से पालन कराने की बात रखी। मुख्य अतिथि पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र की सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। इस मौके पर तरुण खेत्रपाल, आलोक अग्रवाल, आरके अग्रवाल, हर्षल अग्रवाल, विक्रांत अग्रवाल, संजय जैन, जय हेमराजानी, दिनेश बरासिया, नवीन खन्ना आदि मौजूद रहे।