पनकी निवासी कारोबारी के नाबालिग बेटे ने नशेबाज दोस्तों संग मिलकर अपने ही घर में जेवर समेत एक करोड़ की चोरी कर ली। घटना के वक्त कारोबारी परिवार संग रतनलालनगर गए थे। जानकारी होने पर कारोबारी ने बेटे व उसके दोस्तों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पनकी निवासी कारोबारी जूते व चप्पल का डाई बनाने का काम करते हैं। उनका इकलौता बेटे पनकी स्थित एक प्रतिष्ठित स्कूल में हाईस्कूल का छात्र है। कारोबारी ने बताया कि उनका बेटा छह माह पहले गंगागंज गांव के आस पास के रहने वाले भानू, हिमांशु, सागर, आयुष त्रिपाठी, आदर्श बैट्री व दो अन्य युवकों की संगत में पड़ कर नशेबाजी करने लगा था। बेटे की बुरी संगत से बचने के लिए दो माह पहले वह परिवार सहित रतनलाल नगर में किराए के मकान में रहने लगे थे।
रविवार रात उनका बेटा बिना बताए घर से निकल गया। सोमवार सुबह वह बेटे की खोजबीन करने पनकी स्थित घर पहुंचे। मेनगेट का ताला खोलकर जब वह भीतर गए तो कमरों और अलमारी का ताला टूटा मिला। घर के भीतर रखा 21 लाख रुपये कैश समेत करीब एक कराेड़ रुपये कीमत के जेवरात गायब मिले। जब उन्होंने आस पास के लोगों से पूछताछ की तो पता चला कि उनका बेटा अपने दोस्तों के साथ रविवार शाम को घर आया हुआ था। इसके बाद वह थाने पहुंचकर बेटे व उसके दोस्तों के खिलाफ पनकी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पनकी थाना प्रभारी मानवेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपियों की तलाश में टीमों को लगाया गया है। खोजने के प्रयास किया जा रहे हैं।
ये जेवरात हुए चोरी
21 लाख रुपये नगद, चार हार, आठ कंगन, 20 अंगूठी, पांच सोने की चेन, पांच सेट पायल, पांच सेट झुमकी, कान के बाले, 500 ग्राम चांदी के जेवरात।
बेटे के पास रहती थी मेन गेट की चाभी
कारोबारी के अनुसार बेटे के पास मुख्य द्वार की चाबी थी। वह और उसके दोस्त घर के अन्दर आए और कमरे का ताला तोड़कर चोरी की। बेटा रात भर दोस्तों के साथ घर में ही रहा। सुबह होने पर दोस्तों संग भाग निकला। मारपीट में किया गया था निलंबितकारोबारीने बताया कि बेटे की परीक्षा चल रही थी। मंगलवार को वह परीक्षा देने भी नहीं पहुंचा। तीन माह पहले स्कूल के बाहर मारपीट करने के आरोप में कुछ दिन के लिए निलंबित भी किया गया था। इसके बाद भी वह अपनी आदतों में सुधार नहीं लाया।