शिवली। पूर्व कोटेदार ने निवर्तमान ग्राम प्रधान सहित 23 लोगों के खिलाफ राशन लूटने की रिपोर्ट कोर्ट के आदेश पर दर्ज कराई है। मामला पिछले साल मार्च का है। हालांकि इससे पहले पूर्व कोटेदार के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
कोतवाली शिवली क्षेत्र के कड़री गांव निवासी तत्कालीन उचित दर राशन विक्रेता प्यारे लाल ने पुलिस को बताया कि 13 मार्च 2020 को गांव के निवर्तमान प्रधान राजकुमार कुशवाहा ने गांव के लोगों से राशन लूटने की बात कही थी। इस पर गांव के अर्जुन, सरवन, बबोली, नजाकत अली, नरेंद्र, शकील, शराफत अली, जाकिल, अनिल, कयूम, रशीद, कैलाश, इसाक, कृष्ण, शिवकुमार, राजीव, पप्पू, मान सिंह, ऊदल, संतराम, सुनील, रणजीत ने गेहूं और चावल लूट लिए। पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया था। इसके बाद वह कोर्ट पहुंचा।
कोतवाली प्रभारी प्रमोद कुमार शुक्ला ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर लूट की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच कराई जाएगी। दूसरी तरफ पूर्ति निरीक्षक सत्येंद्र सिंह ने बताया कि पिछले साल तत्कालीन कोटेदार के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। इसके बाद दुकान निरस्त कर नए कोटेदार का चयन किया गया था।