गौर गांव के पास दुर्घटना ग्रस्त ट्रक।
- फोटो : PUKHRANYA
पुखरायां (कानपुर देहात)। भोगनीपुर कोतवाली क्षेत्र के मुगल रोड पर गौर गांव के पास खड़े ट्रक में सामने से आ रहा ट्रक टकरा गया। दुर्घटना में खलासी की मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों को केबिन काटकर निकला गया। चालक को इलाज के लिए सीएचसी ले जाया गया। जहां से गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया है। शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। इधर, घटना के बाद मुगल रोड पर करीब घंटे जाम लग गया।
भोगनीपुर के गौर गांव के पास मुगल रोड किनारे गुरुवार की सुबह एक ट्रक खड़ा था। तभी सामने से आया दूसरा ट्रक अनियंत्रित होकर टकरा गया। उसमें सवार खलासी राजस्थान, भीलवाड़ा थाना पेंडेर के बेरी गांव निवासी परमेश्वर लाल(19) की मौत हो गई। चालक बाऊली गांव निवासी शांतीलाल घायल हो गया। पुलिस ने ट्रक की केबिन काटकर खलासी का शव और घायल ड्राइवर को बाहर निकाला।
इलाज के लिए पुखरायां सीएचसी भेजा गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया। एक घंटे तक मुगल रोड पर आवागमन बाधित रहा। ट्रक चालक ने बताया कि वह कोटा से सोयाबीन लादकर कलकत्ता जा रहा था। उपनिरीक्षक चरन सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।