कानपुर के कल्याणपुर आवास विकास-तीन में मंगलवार रात ग्रॉसरी की दुकान के शटर का ताला तोड़कर चोरों ने करीब दो लाख की नकदी व अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया। सीसीटीवी फुटेज से पता चला कि चोरों ने पीपीई किट पहन रखी थी।
पनकी-कल्याणपुर रोड पर दीपक त्रिपाठी की ग्रॉसरी की दुकान है। दीपक के मुताबिक बुधवार सुबह जब कर्मचारी दुकान खोलने पहुंचे तो देखा कि शटर खुला हुआ है। सूचना पर पहुंचे दीपक ने बताया कि गल्ले से करीब दो लाख की नकदी व अन्य सामान गायब था।
इंस्पेक्टर अजय सेठ ने बताया कि पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। चोर स्कूटी से आए थे और चार-पांच मिनट में चोरी कर फरार हो गए। दोनों ने कोरोना के डर से पीपीई किट पहन रखी थी या वो उसके जरिए अपनी पहचान छिपा रहे थे। घटना की जांच की जा रही है।