गोविंद नगर में शनिवार रात तेज रफ्तार बाइक सवार अजय (25), उसका दोस्त समीर (27) मरम्मत हो रहे दादानगर पुल से नीचे जा गिरे। करीब दस मिनट तक दोनों रेलवे ट्रैक पर पड़े कराहते रहे।
होश आने पर समीर ने अपने मोबाइल से परिजनों को जानकारी दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने दोनों को 108 एंबुलेंस से हैलट में भर्ती कराया है। रावतपुर निवासी सुरेश कुमार का बेटा अजय चमनगंज के एक रेडीमेड गारमेंट कारखाने में सिलाई का काम करता है।
शनिवार रात अजय बजरिया के ईदगाह निवासी दोस्त समीर के साथ बर्रा शादी समारोह में गया था। रात ढाई बजे के करीब घर लौटते समय हादसा हुआ। समीर के मुताबिक मरम्मत वाले पुल में बैरेकेडिंग नही लगी थी।
गलती से वह उस पुल पर घुस गए। आगे की सड़क खुदी थी। जब तक अजय की नजर सड़क पर जाती बाइक समेत दोनों पुल से नीचे रेलवे ट्रैक पर गिर गए। गोविंद नगर थानाध्यक्ष विनोद मिश्रा ने जानकारी से इनकार किया है।