झींझक। प्रेम में परिजन के रोड़ा बनने से बंद हुई बातचीत से नाराज प्रेमी ने मंगलवार सुबह किशोरी का गला काटकर हत्या करने के बाद स्वयं आत्महत्या कर ली थी। बुधवार को परिजन ने गांव में ही किशोरी के शव का अंतिम संस्कार कर दिया जबकि प्रेमी के शव का अंतिम संस्कार औरैया के दिबियापुर थाना क्षेत्र के रामगढ़ सरैया में किया गया।
बुधवार सुबह अकारू में 15 वर्षीय किशोरी की अर्थी उठने पर गांव के हर एक व्यक्ति की आंख नम हो गई। लोग किशोरी को प्रेम में नाकामी हाथ लगने पर मिली सजा को लेकर दुहाई देते दिखे। परिजन ने पुलिस की मौजूदगी में गांव में ही किशोरी के शव का अंतिम संस्कार कर दिया। जबकि किशोरी के पड़ोस में रहने वाली प्रेमी की मामी सोमवती के घर के बाहर सन्नाटा पसरा रहा। वह अपने भांजे के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए परिजन के साथ रामगढ़ सरैया चली गई थीं।
बता दें कि औरैया के रामगढ़ सरैया निवासी शिशुपाल 26 करीब डेढ़ साल से अकारू में अपनी मामी सोमवती के घर पर रह रहा था। यहां रहने के दौरान करीब पांच माह पहले उसके मामी के घर से सटे घर में रहने वाली दूर की रिश्तेदार किशोरी से संबंध बन गए थे। उनके संबंध की जानकारी जब किशोरी के परिजन को हुई तो परिजन ने उनकी फोन पर बातचीत बंद करवा दी। सोमवार को परिजन ने किशोरी का फोन भी तोड़ दिया।
इससे नाराज प्रेमी ने मंगलवार को किशोरी को घर में अकेला पाकर सब्जी काटने वाले चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी थी। इसके बाद प्रेमिका के घर की दीवार फांद कर मामी के घर आया और टिनशेड में फंदा लगाकर जान दे दी थी। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवाया था। इसके बाद किशोरी के परिजन उसका शव अकारू ले आए थे। जबकि प्रेमी का शव उसके परिजन रामगढ़ सरैया ले गए थे। मंगलपुर थानाध्यक्ष महेश दुबे ने बताया कि किशोरी के शव का अंतिम संस्कार उसके पैतृक गांव में करवाया गया है जबकि प्रेमी का अंतिम संस्कार उसके गांव रामगढ़ सरैया में करवाया गया है। मामले में अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। पुलिस मामले में छानबीन कर रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।