सिकंदरा। कस्बा स्थित एक गेस्टहाउस में सोमवार रात को उधारी के 500 रुपये मांगने पर किशोर की उनके नाबालिग दोस्त ने चाकू मारकर हत्या कर दी थी। मंगलवार को युवक का अकबरपुर में पोस्टमार्टम करवाया गया। जिसमें चाकू के वार से बायीं आंत फट जाने व अधिक रक्तश्राव से मौत होना पाया गया था। पुलिस ने आरोपी को बाल सुधार गृह भेजा है।
सत्यम का पोस्टमार्टम होने के दौरान उसके ताऊ हिम्मत सिंह, मलखान सिंह, वंशलाल, जसवंत सिंह की आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। हिम्मत सिंह ने बताया कि हत्यारोपी किशोर भतीजे सत्यम (15) का दोस्त था। वह पहले से ही झगड़ालू प्रवृत्ति का रहा है। डेढ़ साल पहले माता-पिता उसे साथ दिल्ली लेकर गए थे लेकिन वहां पर झगड़ा करने पर गांव भेज दिया था। किशोर अपनी इंस्टाग्राम आईडी पर चाकू लेकर फोटो पोस्ट करता था। आरोपी ने भतीजे से अपने जन्मदिन पर 500 रुपये उधार लेकर पार्टी की थी। इसमें भतीजा भी शामिल हुआ था। रुपये मांगने पर ही उसने चाकू घोप दी।
बता दें कि सत्यम ने दो माह पहले किशोर के जन्मदिवस पर 500 रुपये उधार दिए थे। उसने साथी किशोर से रुपये वापस मांगे तो विवाद होने लगा, इसके बाद सत्यम को किशोर ने सीने व पेट में चाकू मार दी। इससे वहां खलबली मच गई। किशोर को लेकर लोग सीएचसी सिकंदरा गए लेकिन दम तोड़ दिया। सिकंदरा थानाध्यक्ष जनार्दन प्रताप सिंह ने बताया कि बाल अपचारी को गेस्टहाउस के पास से गिरफ्तार किया है। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयोग किया गया चाकू बरामद किया गया है। बाल अपचारी को कोर्ट में पेश किया गया। वहां से उसको बाल सुधार गृह भेज दिया गया।