एसबीआई के सहयोगी बैंकों को स्वतंत्र करने के मुद्दे पर बीते दिनों हुई हड़ताल का कोई असर न होता देख अब 24 जून को सभी राष्ट्रीयकृत बैंकों में हड़ताल आयोजित की जाएगी। हालांकि इस बार हड़ताल से स्टेट बैंक की यूनियन दूरी बनाए रहेंगी। हड़ताल को सफल बनाने के मकसद से यूपी बैंक इम्प्लाइज यूनियन के पदाधिकारियों ने विभिन्न बैंक शाखाओं में जनसंपर्क शुरू किया है।
बीती चार जून को ऑल इंडिया बैंक इम्प्लाइज यूनियन के बैनर तले गुरुवार को देश भर में स्टेट बैंक ऑफ बीकानेर एंड जयपुर, स्टेट बैंक ऑफ पटियाला, स्टेट बैंक ऑफ मैसूर, स्टेट बैंक ऑफ हैदराबाद और स्टेट बैंक ऑफ त्रावणकोर में हड़ताल आयोजित की गई थी। यूपी बैंक इम्प्लाइज यूनियन के अध्यक्ष रजनीश गुप्ता के मुताबिक इस आंदोलन का सबसे प्रमुख मुद्दा इन बैंकों को स्टेट बैंक से स्वतंत्र करवाना है। इसके अलावा यूनियन के अधिकारों को बहाल करने, स्टेट बैंक ऑफ बीकानेर एंड जयपुर में ट्रेड यूनियन पर हमले बंद करने, अनुकंपना के आधार पर सरकारी नियमों से भर्तियां करने, होम लोन की सीमा बढ़ाने, अधीनस्थ कर्मचारियों एवं अंशकालिक कर्मचारियों की भर्ती करने, स्टेट बैंक की पदोन्नति नीति न थोपने एवं कर्मचारियों के अवोर ड्राफ्ट की सीमा बढ़ाने संबंधी मांगें प्रमुख हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इस एक दिवसीय हड़ताल से बात बनती नजर नहीं आ रही है। इसलिए पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत 24 जून को सभी राष्ट्रीयकृत बैंकों में हड़ताल आयोजित की जाएगी। इस संबंध में ऑल इंडिया बैंक इम्प्लाइज यूनियन के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने भी हड़ताल को सफल बनाने के लिए पूरी तैयारी करने के निर्देश दिए हैं।