सपा सांसद तेज प्रताप तेजू और राज्य मंत्री शिवाकांत ओझा की अध्यक्षता में उत्तर प्रदेश से एक प्रतिनिधिमंडल अंतर्राष्ट्रीय बिजनेस समिट में हिस्सा लेने के लिए शुक्रवार रात चीन के लिए रवाना हुआ। यह पहला मौका है जब समिट में उत्तर प्रदेश को हिस्सा लेने का मौका मिला है। यूपीएसआईडीसी के प्रबंध निदेशक मनोज सिंह ने बताया कि चीन जाने के पीछे सबसे बड़ा मकदस वहां की कंपनियों को उत्तर प्रदेश में निवेश के लिए प्रोत्साहित करने के अलावा संगठित तरीके से बिजनेस क्लस्टर डेवलपमेंट की बारीकियां सीखनी हैं।
चीन जाने वाले प्रतिनिधिमंडल में यूपीएसआईडीसी के प्रबंध निदेशक मनोज सिंह, आईएएस अधिकारी मुत्तू स्वामी, रेटिंग एजेंसी अर्नस्ट एंड यंग के अधिकारी देवप्रिय दास और यूपीएसआईडीसी के अधिकारी मंसूर कटियार शामिल हैं। मनोज सिंह के मुताबिक चीन के चांगडू सिटी में होने वाली बिजनेस समिट में यूपी में निवेश की संभावनाओं को लेकर एक प्रेजेंटेशन तैयार किया गया है। इसके अलावा कुछ प्रमुख कंपनियों को प्रदेश में निवेश के लिए प्रोत्साहित करने के प्रयास भी किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि चीन को संगठिक तरीके से क्लस्टर डेवलप करने में महारत हासिल है। प्रदेश में मुरादाबाद का पीतल उद्योग, मिर्जापुर का कालीन उद्योग, फिरोजाबाद का कांच उद्योग, कन्नौज का इत्र उद्योग, मेरठ का खेल उत्पादों के निर्माण संबंधी उद्योग भी देश-विदेश में चर्चित हैं। मगर संगठित न होने से उतना लाभ नहीं मिल पा रहा है। चीनी तकनीक से इन्हें विकसित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 19 तारीख को प्रतिनिधिमंडल चीन से वापस आएगा। इसके बाद दौरे की उपलब्धियों की जानकारी दी जाएगी।