Kanpur News: एडीसीपी साउथ महेश कुमार ने बताया कि बुलेट की बरामदगी के लिए एक टीम गठित की गई है। सीसीटीवी समेत अन्य माध्यमों से चोरी की बुलेट बरामद करने की कोशिश की जा रही है।
कानपुर में जरौली निवासी एक अधिवक्ता की चोरी हुई बाइक बरामद होने के बाद बर्रा थाने के अंदर से ही फिर चोरी हो गई। कोर्ट से आदेश लेकर अधिवक्ता जब बुलेट रिलीज कराने पहुंचे तो चोरी की जानकारी हुई। पुलिस ने अब थाने के हेड कांस्टेबल की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ चोरी की रिपोर्ट दर्ज की है।
विज्ञापन
जरौली फेस टू के वैष्णवी विहार निवासी अधिवक्ता अमर सिंह की बुलेट बाइक पिछले साल 23 दिसंबर को चोरी हो गई थी। मामले में उन्होंने बर्रा थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बर्रा पुलिस ने बीती 15 फरवरी को चोरी की बुलेट बरामद कर ली थी। जानकारी के बाद अमर सिंह शुक्रवार को कोर्ट का आदेश लेकर थाने पहुंचे, तो बुलेट थाने से गायब थी।
सीसीटीवी की मदद से तलाश में जुटी पुलिस
हेड कांस्टेबल जीतेंद्र ठाकरे की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ चोरी की रिपोर्ट दर्ज की गई है। एडीसीपी साउथ महेश कुमार ने बताया कि बुलेट की बरामदगी के लिए एक टीम गठित की गई है। सीसीटीवी समेत अन्य माध्यमों से चोरी की बुलेट बरामद करने की कोशिश की जा रही है।