कानपुर। कल्याणपुर विधानसभा क्षेत्र में पिछले 20 वर्षों से चली आ रही सीवर की समस्या को दूर करने पर अब जाकर मुहर लगी है। शासन की ओर से इसके लिए 342 करोड़ का बजट स्वीकृत किया गया है। जल्द ही क्षेत्र में सीवर लाइनों का निर्माण शुरू हो जाएगा। इससे क्षेत्र के लाखों लोगों को राहत मिलेगी।
विधानसभा क्षेत्र के जोन-2 में स्थित कल्याणपुर उत्तरी, कल्याणपुर दक्षिणी, आवास विकास, विनायकपुर, नानकारी के लोग सीवर की समस्या से जूझ रहे हैं। बारिश में यह समस्या और भी विकराल हो जाती है। इस संबंध विधायक नीलिमा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखा था। सीएम को लिखे पत्र में उन्होंने बताया था कि जेएनयूआरएम व नमामि गंगे योजना के तहत शहर के बाकी जोन में सीवर लाइन का काम कराया जा रहा है सिर्फ उनके क्षेत्र के पांच वार्डों के लिए कोई योजना नहीं बनाई गई है। तब से लेकर लगातार इस समस्या को वह शासन में उठाती रहीं हैं। वहीं मुख्यमंत्री के आदेश के बाद इस योजना को हरी झंडी दी गई। विधायक ने बताया कि शासन की ओर से उन्हें इस संबंध में लिखित जानकारी दी गई है कि इन क्षेत्रों में सीवर लाइन का काम जल्द ही शुरू हो जाएगा।