सरवनखेड़ा। गजनेर थाना क्षेत्र के जरिहा में पुराने टायर से तेल बनाने वाली फैक्टरी के भंडारण टैंक में 21 सितंबर की शाम को आग लगने से दो मजदूरों की मौत हो गई थी। बुधवार को पुलिस के साथ मॉर्चरी आए परिजन ने शव की पहचान गंगागंज निवासी दीपेंद्र चौहान 41 के रूप में की है। अनहोनी पर परिजन रोने लगे।
गंगागंज निवासी बीनू सिंह चौहान ने बताया कि वह भाजपा के गजनेर मंडल के पूर्व मंडल महामंत्री हैं। उनका छोटा भाई दीपेंद्र सिंह करीब तीन साल से मर्दनपुर मेहरबान सिंह का पुरवा थाना गुजैनी कानपुर नगर में रहने वाली बहन उषा सिंह के यहां रहकर गैस वैल्डिंग का काम करता था। 21 सितंबर की सुबह भाई बहन से पनकी स्थित एक अस्पताल में वैल्डिंग का काम करने जाने की बात कहकर निकला था।
देर रात तक भाई के घर न पहुंचने व अगले दिन बुढ़वा मंगल होने के चलते परिजन ने उसके किसी मंदिर जाने की आशंका जता कर पनकी मंदिर, मूसानगर स्तिथ बालाजी मंदिर, गोगुमऊ स्तिथ बालाजी मंदिर सहित अन्य मंदिर में तलाश की लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। इधर शाम को रियाज का शव मर्दनपुरवा पहुंचने पर भाई के दोस्त ने बताया कि दीपेंद्र रियाज का मित्र था वह उसके साथ अक्सर काम पर जाता था। कहीं फैक्टरी में जान गंवाने वाला दूसरा मजदूर दीपेंद्र ही तो नहीं है। इसपर बुधवार सुबह वह परिजन के साथ गजनेर थाना पहुंचे। यहां से पुलिस उनको मॉर्चरी ले गई। बीनू सिंह चौहान ने चेहरे से शव की शिनाख्त भाई दीपेंद्र के रूप में की।
अनहोनी की जानकारी पर मां चंद्रवती, पत्नी रोली, भाई बीनू, दुर्गेश व परिजन रोने लगे। दीपेंद्र की एक छह साल की बेटी दीपिका भी है। शिनाख्त के बाद बुधवार दोपहर को उसके शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। जिसमें जिंदा जल जाने की वजह से मौत होना पाया गया। डॉक्टर के अनुसार युवक करीब 95 फीदसी झुलस गया था उसके ट्रैकिया में कार्बन मिला है।
बता दें कि मंगलवार को टायर ऑयल तैयार करने वाली फैक्टरी के भंडारण टैंक में धमाके के साथ आग लग गई थी। इससे दो मजदूरों की जलकर मौत हो गई थी। एक मजदूर के पैंट की जेब में मिले आधार कार्ड की मदद से पुलिस ने उसकी शिकायत मूल रूप से कालपी जालौन निवासी रियाज 45 के रूप में की थी। जोकि वर्तमान में मर्दनपुर कानपुर नगर में रह रहा था जबकि पुलिस दूसरे शव की शिनाख्त करवाने के प्रयास कर रही थी। इधर, लोगों ने आग लगने के पीछे टैंक में ऑयल भरे होने के दौरान वैल्डिंग किए जाने को बताया था जबकि फैक्टरी प्रबंधन की ओर से मजदूर के बीड़ी पीने की वजह से हादसा होने की आशंका जताई थी। गजनेर थानाध्यक्ष सनत कुमार ने बताया कि दूसरे शव की शिनाख्त हो जाने पर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिया गया है। मामले में तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।