टोल टैक्स और टीडीएस के विरोध में ट्रकों की हड़ताल दूसरे दिन भी जारी रही। ट्रांसपोर्टरों ने बैठक कर गांधी प्रतिमा फूलबाग पर काली पट्टी बांधकर मौन धरना दिया। इसके बाद जुलूस के रूप में बाराजोड़ टोल नाके पर जाकर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान नारेबाजी कर रहे ट्रांसपोर्टरों और गांव के कुछ लोगों में भिड़ंत हो गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराया। वहीं छुट्टी के चलते थोक व फुटकर बाजार भी बंद रहे। शनिवार से हड़ताल का असर पड़ सकता है। ट्रांसपोर्टरों का दावा है कि हड़ताल के दूसरे दिन भी करीब सौ करोड़ का कारोबार नहीं हुआ। इधर, ट्रकों की हड़ताल से हरी सब्जियों के रेट दो से पांच रुपये प्रति किलो बढ़ गए और मार्बल मार्केट के व्यापारियों का लाखों का माल फंस गया है।
आल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस के आह्वान पर यूपी मोटर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन, उप्र युवा ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के बैनर तले ट्रांसपोर्टरों ने सुबह ट्रांसपोर्टनगर स्थित ट्रांसपोर्ट भवन में सभा की। इसमें ट्रांसपोर्टरों ने सरकार के रवैये पर रोष जताया। कहा कि सरकार की नीयत साफ नहीं है। ट्रांसपोर्टर एकमुश्त टोल देने को तैयार हैं। 30 सितंबर को राष्ट्रीय पदाधिकारियों की केंद्रीय परिवहन मंत्री, वित्तमंत्री से मुलाकात हुई थी।
उन्हें टोल और टीडीएस की समस्या बताई गई थी लेकिन ठोस आश्वासन नहीं मिला। इसके चलते ही ट्रांसपोर्टरों को हड़ताल करनी पड़ी। वहीं जुलूस के रूप में बाराजोड़ टोल नाके पहुंचकर ट्रांसपोर्टरों ने टोल पर नारेबाजी की। आने-जाने वाली गाड़ियों को रोककर हड़ताल के बारे में जानकारी दी और समर्थन मांगा।
एसोसिएशन के अध्यक्ष गुलशन गांधी, महामंत्री सतीश गांधी, उप्र युवा ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष श्याम शुक्ला, लवी गांधी, श्याम गर्ग, सुभाष मलिक, रवि गुप्ता, केसी शर्मा, अरुण वाधवा, आशू गांधी, नील कुमार, सतीश सिंह, राजेदर सिंह, अखिलेश शुक्ला आदि मौजूद रहे। हड़ताल के समर्थन में अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के महामंत्री ज्ञानेश मिश्र सहित अन्य व्यापारी जुलूस में शामिल रहे।
उत्तर प्रदेश गिट्टी मौरंग ट्रक ऑपरेटर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष दीप अवस्थी के नेतृत्व में पनकी पड़ाव, रनियां के बीच आ रहे ट्रकों को रोका गया। बाद में राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन भेजकर टोल प्लाजा समाप्त करने की मांग की। इस मौके पर संजय गुप्ता, मनोज मिश्रा, अनूप सिंह, परमजीत सिंह, विनोद यादव मौजूद रहे।