कानपुर। हरकोर्ट बटलर टेक्नोलॉजिकल इंस्टीट्यूट (एचबीटीआई) की बीटेक, एमटेक और पीएचडी की सीटें राज्य स्तरीय संयुक्त प्रवेश परीक्षा (एसईई) 2016 से भरी जाएंगी। इस पर एचबीटीआई की एडमिशन कमेटी ने गुरुवार को मुहर लगा दी। एडमिशन प्रक्रिया 15 अगस्त तक पूरी की जाएगी, फिर पठन-पाठन का काम शुरू होगा। सत्र 2017-18 से एचबीटीआई यूनिवर्सिटी बन जाएगी। इसके बाद अपनी प्रवेश परीक्षा कराके सीटें भरी जाएंगी। जॉइंट एंट्रेंस एग्जाम (जेईई) मेन से भी सीटें भरी जा सकती हैं।
एचबीटीआई की एडमिशन कमेटी की मीटिंग गुरुवार को प्राविधिक शिक्षा मंत्री फरीद महमूद किदवई की अध्यक्षता में हुई। प्रमुख सचिव प्राविधिक शिक्षा और एकेटीयू के कुलपति प्रो. विनय पाठक की मौजूदगी वाली मीटिंग में कहा गया कि एचबीटीआई को यूनिवर्सिटी बनाने की सारी औपचारिकता पूरी कर ली गई है लेकिन यूनिवर्र्सिटी 1 सितंबर से काम करेगी। ऐसा नहीं हुआ तो अध्यादेश के हिसाब से एडमिशन में दिक्कत आएगी। निदेशक प्रो. दिनेश बाबू शाक्यवार और रजिस्ट्रार नरेश कुमार ने बताया कि सत्र 2016-17 की सीटें एकेटीयू की प्रवेश परीक्षा से भरी जाएंगी। इस पर गुरुवार को फैसला हो गया। एसईई का रिजल्ट आ चुका है। इसकी काउंसलिंग की डेट भी जल्द आएगी। काउंसलिंग से ही सीटें भरी जाती हैं।
अब अगस्त में होगा दीक्षांत समारोह
एचबीटीआई का दीक्षांत समारोह अब अगस्त में होगा। पहले 12 जून तक सत्र 2013-14 और 2014-15 के स्टूडेंटों को डिग्री दिए जाने का लक्ष्य रखा गया था। इसके लिए मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से कार्यक्रम भी मांगा गया था। अब एडमिशन कमेटी ने समारोह की डेट आगे बढ़ा दी है।