कानपुर। रतनलालनगर में बैंक मैनेजर की मां के घर से करीब 25 लाख का माल पार करने वाले दोनों शातिर पैदल ही गए थे। पुलिस ने इलाके में लगे 120 से ज्यादा कैमरे खंगाले तो आरोपी दबौली मोड़ तक जाते दिखे हैं। वहां से आरोपी रेलवे लाइन की ओर या शास्त्री चौक की ओर गए, पुलिस इस बात की पड़ताल में जुटी है।
शनिवार रात हुई चोरी की रिपोर्ट इंडसइंड बैंक की सिविल लाइंस शाखा के मैनेजर इंद्रप्रीत चावला की मां अमरप्रीत ने दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार घटना के वक्त अमरप्रीत पाैत्री का जन्मदिन मनाने इलाके में ही स्थित बेटे के घर गई थीं। रात 1.23 बजे लौटने पर उन्हें घर से दो संदिग्ध भागते दिखे थे। घर में अलमारियां खुली पड़ीं थीं। लॉकरों में रखे जेवर और कीमती सामान गायब था।
थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि कैमरे में आरोपी भागते दिखे हैं। कुछ दूर जाकर दोनों शातिर आराम से टहलते हुए दबौली मोड़ की ओर गए। आरोपियों की तलाश में तीन दरोगा और दो सिपाहियों की टीम बनाई गई है जो आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास कर रहे हैं।