कानपुर। शहर की मेट्रो रेल परियोजना के लिए गुरुवार को केडीए को नोडल एजेंसी और लखनऊ मेट्रो रेल कारपोरेशन लिमिटेड को समन्वयक नामित किया गया है। मेट्रो ट्रेन के संचालन के लिए डीपीआर तैयार करने की डेडलाइन भी छह महीने निर्धारित कर दी गई है। इसका खाका खींचने के लिए तीन फरवरी को लखनऊ मेट्रो रेल कारपोरेशन की टीम यहां आ रही है। निरीक्षण के बाद यह टीम कमिश्नर के साथ बैठक भी करेगी।
शासन ने मुख्यमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट में शामिल शहर की मेट्रो रेल परियोजना पर जल्द काम शुरू होने के संकेत दिए हैं। गुरुवार को मेट्रो ट्रेन की डीपीआर को समयबद्ध तरीके से राइट्स संस्था से बनवाने के प्रयास तेज हो गए। इसी क्रम में लखनऊ मेट्रो रेल कारपोरेशन लिमिटेड (एलएमआरसीएल) के प्रबंध निदेशक केशव गुप्ता ने एक आदेश जारी कर केडीए को नोडल एजेंसी और एलएमआरसीएल को समन्वयक नामित किया है। प्रबंध निदेशक के अनुसार कानपुर के साथ ही आगरा, मेरठ और वाराणसी में मेट्रो रेल परियोजना के लिए अधिकतम छह माह में डीपीआर तैयार हो जाएगा।
केडीए के अफसरों ने बताया कि तीन फरवरी को एलएमआरसीएल के साथ ही राइट्स संस्था के अधिकारियों के भी आने की संभावना है। उस दिन शहर का स्थलीय निरीक्षण कर मेट्रो रेल के संचालन की संभावनाएं तलाशी जाएंगी, ताकि यातायात को सुगम और सुचारू बनाया जा सके। उसी दिन शाम साढ़े तीन बजे फिजिविलिटी स्टडी व डीपीआर बनाए जानने के संबंध में कमिश्नर के शिविर कार्यालय में बैठक होगी। बैठक में डीएम, केस्को एमडी, नगर आयुक्त, एसएसपी, पीडब्लूडी के मुख्य अभियंता, जल निगम के मुख्य अभियंता और एनएचएआई के परियोजना निदेशक को बुलाया गया है।