कानपुर। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) की 20वीं वार्षिक आम सभा (एजीएम) गुरुवार को लैंडमार्क होटल में होगी। इसमें होने वाले चुनाव से पहले सभी पदों पर एक-एक नामांकन होने से सभी का निर्विरोध निर्वाचन तय हो चुका है। हालांकि बैठक में ही सभी के चयन पर अंतिम मुहर लगेगी।
मुख्य कार्यकारिणी में डाॅ. निधिपति सिंहानिया एक बार फिर अध्यक्ष बनेंगे। इसके अलावा उपाध्यक्ष पद पर गाजियाबाद के राकेश मिश्रा, सचिव पद पर कानपुर के प्रेम मनोहर गुप्ता, संयुक्त सचिव पद पर उमर मुस्तफा हसन और कोषाध्यक्ष पद पर सचिन आनंद शुक्ला का चयन पूरा हो गया है।
प्रेम मनोहर गुप्ता इससे पहले कार्यकारिणी में कोषाध्यक्ष रह चुके हैं और संगठनात्मक कार्यों में उनकी सक्रिय भूमिका रही है। मुख्य पदाधिकारियों के अलावा गवर्निंग काउंसिल के दो पदों पर कानपुर से डाॅ. संजय कपूर और गाजीपुर से संजय सिंह निर्विरोध चुने गए हैं।
दोनों सदस्य यूपी टी-20 लीग के संचालन की जिम्मेदारी संभालेंगे। लीग के नए चेयरमैन की घोषणा भी एजीएम में की जाएगी। इसके साथ ही एपेक्स काउंसिल के 11 सदस्यीय पैनल में भी सभी उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए हैं। इनमें सिद्धार्थ सिंह, सुनील जोशान, करण पाल सिंह, लक्ष्य राज त्यागी, सिद्धार्थ प्रसाद, मनीष चौहान, सैफूद्दीन, सुरेंद्र पाल सिंह, लतीफ-उर-रहमान, सक्षम मिश्रा और उमर अहमद शामिल हैं।