कानपुर देहात के रसूलाबाद क्षेत्र के मुनौरापुर गांव में मंगलवार रात युवक ने सो रहे मामा को कुल्हाड़ी मार दी। घायल मामा के चिल्लाने पर जगे भाइयों ने भांजे को दबोच लिया। बाद में पुलिस के हवाले कर दिया। घायल को पुलिस ने अस्पताल भेजा है।
पूछताछ में भांजे ने मामी के कहने पर हमला करना कबूला है। मुनौरापुर निवासी सतीश मंगलवार रात गेहूं की कटाई करने गया था। देर शाम वह घर लौटा। इसके बाद खाना खाकर सो गया। देर रात किसी ने उस पर कुल्हाड़ी से हमला किया तो उसकी चीख निकल गई।
इस पर नजदीक लेटे सतीश के भाई हीरा लाल, रामकुमार व हृदयलाल जग गए। उन्होंने भागते हुए सधवापुर, औरैया निवासी भांजे सूरज को पकड़ लिया। हीरालाल की सूचना पर पुलिस पहुंची और सूरज को पकड़ कर ले गई। घायल को सीएचसी भेजा गया।
वहां से उसे हैलट अस्पताल कानपुर भेज दिया गया। थाना प्रभारी तुलसीराम पांडेय ने बताया कि हीरालाल की तहरीर पर जान लेवा हमला करने की रिपोर्ट दर्ज की गई है। पूछताछ में आरोपी ने मामी के कहने पर हमला करना कबूला है। जांच के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।