कानपुर। यूपी टी-20 लीग के चौथे सीजन का लाइव प्रसारण जियो हॉट स्टार पर किए जाने की तैयारी है। सभी 34 मुकाबलों के साथ 24 जुलाई को आगरा के होटल ताज में होने वाले मिनी ऑक्शन का सीधा प्रसारण इसी प्लेटफॉर्म पर प्रस्तावित है। अभी इसकी आधिकारिक घोषणा शेष है।
लीग का पहला चरण 14 से 26 अगस्त तक लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेला जाएगा, जबकि दूसरा चरण 28 अगस्त से 6 सितंबर तक कानपुर के ग्रीनपार्क स्टेडियम में आयोजित होगा। अब यूपी टी-20 काउंसिल की पूरी तैयारी मिनी ऑक्शन को लेकर हैं। सूत्रों के अनुसार बुधवार तक ऑक्शन पूल में शामिल खिलाड़ियों की अंतिम सूची जारी हो सकती है। नीलामी में कानपुर सुपर स्टार, मेरठ मैवेरिक्स, नोएडा सुपर किंग्स, काशी रुद्रास, गोरखपुर लायंस और लखनऊ फाल्कंस हिस्सा लेंगी।
सभी फ्रेंचाइजी रिटेन खिलाड़ियों सहित 25 सदस्यीय टीम तैयार करेंगी, जबकि नीलामी से अधिकतम 18 खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। शेष स्थान टैलेंट हंट से चुने गए खिलाड़ियों से भरे जाएंगे। टैलेंट हंट से चयनित प्रत्येक खिलाड़ी को लीग में खेलने के लिए दो लाख रुपये दिए जाएंगे। वहीं यदि पिछले सीजन में टेलेंट हंट के जरिए चुने गए किसी खिलाड़ी को फ्रेंचाइजी इस बार भी अपने साथ बनाए रखती है, तो उसे ढाई लाख रुपये मिलेंगे। पिछले सीजन का प्रसारण सोनी लिव पर हुआ था।
इस बार अधिक दर्शकों तक पहुंच बनाने के उद्देश्य से प्रसारण मंच बदलने की तैयारी है। जियो हॉट स्टार पर पहले से ही बीसीसीआई के कई प्रमुख टूर्नामेंटों का प्रसारण होता है, जिससे लीग की पहुंच और दर्शक संख्या बढ़ने की उम्मीद है।