पहाड़ों में हो रही बर्फबारी से कानपुर का पारा शून्य के करीब पहुंच गया। सोमवार को पारा 0.8 डिग्री सेल्सियस नापा गया। वहीं दोपहर में तेज धूप ने लोगों को कुछ राहत दी।
मौसम विभाग के आंकड़े कहते हैं कि पिछले 44 सालों में दिसंबर माह में रात का पारा कभी नीचे नहीं गया। अनुमान है कि इस हफ्ते अधिकतम पारा गिरने से दिन की ठंड और गलन बढ़ जाएगी।
मौसम विज्ञानी बता रहे हैं कि अभी तक जनवरी में रात का पारा 1.0 डिग्री सेल्सियस तक गिरने के आंकड़े मिले हैं पर, दिसंबर में पारा इतना कम हो जाए, ऐसा पहली बार देखने को मिल रहा है।
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डॉ. अनिरुद्ध दुबे ने बताया कि पूर्वानुमान के अनुसार सोमवार से पूर्वी हवाएं चलना शुरू हुई हैं, हवाएं पूर्वी ही बनी रहीं तो मंगलवार को हल्की बदरी के साथ रात का पारा चढ़ेगा, लेकिन दिन के पारे में गिरावट आ जाएगी।
इससे ठंड का प्रकोप बढ़ जाएगा। उधर, पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी से इस हफ्ते रात व दिन के तापमान और सुबह व दोपहर की आर्द्रता (नमी) में उतार चढ़ाव जारी रहेगा।