महोबा में ग्राम्य विकास, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार डॉ. महेंद्र सिंह ने कहा है कि अगर किसी ने पीएम आवास पाने के लिए गलत तरीकों का प्रयोग किया है तो उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। वह महोबा में विकास योजनाओं के क्रियान्वयन एवं जिले में व्याप्त समस्याओं को लेकर विरमा भवन सभागार में बैठक ले रहे थे।
राज्यमंत्री ने सीडीओ व परियोजना निदेशक को निर्देश दिए कि जिले में जिन व्यक्तियों व अपात्रों को गलत तरीके से पीएम आवास दिया गया है, उन पर एफआईआर दर्ज कर जेल भेजने और रिकवरी कर पैसा वसूलने की कार्रवाई की जाए। बैठक में पत्रकारों द्वारा जिले में खराब चिकित्सा व्यवस्था के उठाए गए सवालों को लेकर राज्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। कहा कि जिले में उपलब्ध संसाधनों से ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने का प्रयास किया जाए और स्वास्थ्य केंद्रों पर नि:शुल्क दवाएं व शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाए।