हमीरपुर जिले में मौदहा कोतवाली क्षेत्र के मांचा गांव में शादी से तीन दिन पूर्व बाइक की मांग पूरी ना होने से दूल्हा ही लापता हो गया। इससे कन्या पक्ष के घर शहनाई बजने के स्थान पर मातम छा गया। पीड़ित पिता ने कोतवाली में तहरीर देकर मामला दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही, शादी और पहले हुए खर्च को वापस मांगा है। वहीं, लड़की की शादी उसकी बड़ी बहन के देवर से कर दी गई।
मिली जानकारी के अनुसार, मांचा गांव निवासी रामकृपाल ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि उसकी पुत्री काजल की शादी चिकासी थानाक्षेत्र के गांव इछौरा निवासी संजय पांचाल के साथ नौ मई को होना तय हुई थी, लेकिन शादी से तीन दिन पूर्व दूल्हे ने फोन कर बाइक की मांग की थी। जब उन्होंने मांग पूरी करने में असमर्थता जताई, जिस पर दुल्हा कहीं गायब हो गया।