कानपुर। नौबस्ता एलिवेटेड पुल पर लगा जाम बुधवार शाम को बचाव कार्य में बाधा बन गया। तेज टक्कर के बाद सीएनजी कार में आग लग गई लेकिन जाम के कारण दमकल की गाड़ी मौके तक नहीं पहुंच सकी। इसके बाद जाजमऊ से पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक कार पूरी तरह से जल चुकी थी।
बुधवार रात लखनऊ की ओर जा रही कार को विराटनगर चौकी क्षेत्र में पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार में लगा सीएनजी टैंक फट गया। गैस रिसाव से आग लग गई। कार सवार तीनों लोगों ने किसी तरह बाहर निकलकर जान बचाई और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही किदवईनगर फायर स्टेशन से गाड़ी रवाना हुई लेकिन एलिवेटेड पुल पर भारी जाम के चलते वह आगे नहीं जा सकी। इसके बाद जाजमऊ फायर स्टेशन से पहुंची दूसरी गाड़ी ने किसी तरह आग पर काबू पाया।
नौबस्ता थाने के अतिरिक्त निरीक्षक नदीम खान के मुताबिक कार में सवार उमेश तिवारी, रविंद्र तिवारी और नवीन कुमार लखनऊ के निवासी हैं। हादसे के समय रविंद्र कार चला रहे थे। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है। पुलिस के अनुसार इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।