रूरा। थाना क्षेत्र के धनीरामपुर में पिता की पिटाई से घायल बेटे ने 14 नवंबर को इलाज के दौरान मौत हो गई थी। मंगलवार को पुलिस ने गैर इरादतन हत्या के आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में हत्यारोपी ने धान बेचने से नाराज हुए बेटे की ओर हाथ उठाए जाने पर गुस्से में सिर में मूसल मार देने की बात कुबूल की है।
रूरा थानाध्यक्ष सुधीर भारद्वाज ने बताया कि मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर नगर स्थित रेलवे स्टेशन के पास घेराबंदी कर धनीरामपुर निवासी गिरजा शंकर शर्मा को गिरफ्तार किया है। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का मूसल बरामद किया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 13 नवंबर को उसने घर में रखी चार धार की बोरी बेच दी थी। शाम को घर लौटे बेटे चंद्रप्रकाश शर्मा उर्फ पंडित (31) ने इसका विरोध किया। विवाद होने पर बेटे ने पास में रखा मूसल उसके पीठ में मार दिया। इससे नाराज होकर उसने बेटे से मूसल छीनकर सिर पर मार दिया। उसने बेटे को जान से मारने की नीयत से वार नहीं किया था। इलाज के दौरान बेटे की मौत हो जाने पर वह छिपता घूम रहा था। बाहर भागने से पहले पुलिस ने पकड़ लिया। थानाध्यक्ष सुधीर भारद्वाज ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया है। वहां से उसे जेल भेजा गया है।
......................
बहू ने ससुर सहित तीन के खिलाफ दर्ज कराई थी प्राथमिकी
रूरा। पिता की पिटाई से चंद्रप्रकाश की मौत होने के बाद मंगलवार सुबह उसकी पत्नी ने रूरा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई। आरोप लगाया कि गांव के राकेश नट उर्फ टाटा ने ससुर गिरजा शंकर शर्मा को बहकाकर घर में रखी धान की बोरी बिकवा दी थी। राकेश ही शाम को पिता को घर छोड़ने आया था। पति ने धान बेचने का विरोध किया तो ससुर ने उनके सिर पर मूसल मार दिया। घायल पति की इलाज के दौरान 14 नवंबर को मौत हो जाने पर राकेश नट व रामजी कमल ससुर को पति की हत्या के मामले में जमानत दिलाने के बहाने खेत बिकवाने के लिए साथ लेकर घूम रहे हैं। थानाध्यक्ष सुधीर भारद्वाज ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। शेष दोनों आरोपियों संलिप्तता को लेकर जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)