कानपुर देहात। विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग के तहत मंगलवार को माती स्थित ईको पार्क में जनपद स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन किया गया। युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवक-युवतियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा दिखाई। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल ने किया। उन्होंने युवाओं को नशामुक्ति की शपथ दिलाई और विकसित भारत के निर्माण में उनकी भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उत्सव को कल्चरल और चैलेंजर ट्रैक में बांटा गया। कल्चरल ट्रैक में लोकनृत्य, लोकगीत, नुक्कड़ नाटक, कविता लेखन और पेंटिंग प्रतियोगिताएं हुईं। इनकी थीम नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत रही। वहीं विकास भवन सभागार में डेमोग्राफिक डिविडेंड एवं ह्यूमन कैपिटल डेवलपमेंट विषय पर पीपीटी प्रतियोगिता हुई। लोकनृत्य में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पुखरायां प्रथम रहा। लोकगीत में राजकीय हाईस्कूल और नुक्कड़ नाटक में अकबरपुर बालिका इंटर कॉलेज की टीम विजेता बनी। कविता लेखन में वैष्णवी त्रिवेदी और पेंटिंग में अभिराज ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। पीपीटी प्रतियोगिता में राखी यादव प्रथम रहीं। समापन पर विजेताओं को मेडल, ट्रॉफी और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। (संवाद)