रसूलाबाद। बक्सहा गांव में जमीन पर कब्जे के प्रयास पर कई प्रार्थना पत्र देने पर भी न्याय न मिलने का आरोप लगा पीड़ित परिवार अब पलायन को मजबूर है। पीड़ित ने मकान बिकाऊ है के पोस्टर घर के दरवाजे पर चस्पा किए हैं।
बक्सहा निवासी हनुमंत ने बताया कि गांव के ही कुछ लोग उसकी पैतृक भूमि पर जबरन कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। मारपीट करने और जान से मारने का प्रयास पूर्व में कर चुके हैं। तब भी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई थी। इसके बाद लगातार उक्त लोग कब्जा करने की धमकी दे रहे हैं। आरोप लगाया कि कई बार तहसील में शिकायत की मगर न्याय नहीं मिला है। अब थक कर उनका परिवार पलायन को मजबूर है।
बताया कि पूर्वजों का मकान गाटा संख्या 632 रकबा 2.180 में स्थित है। पशु बांधता है और भूसा-कंडा रखने के लिए एक पुराना कोठा बना हुआ है। पूर्व में समाधान दिवस में शिकायत की तो जांच करने पहुंचे राजस्व टीम के सामने छोटे भाई संग मारपीट की गई। इसका मुकदमा दर्ज किया गया। एसडीएम सर्वेश कुमार सिंह ने बताया कि राजस्व टीम को जांच के लिए भेजा जा रहा है। सोमवार को दोनों पक्षों से वार्ता कर समाधान किया जाएगा।