कानपुर देहात। परिषदीय विद्यालयों के 39, 871 बच्चों के खातों में अभी तक डीबीटी का भुगतान नहीं हो सका है। ऐसे में सर्दी बढ़ने पर बच्चों को बिना स्वेटर, मोजा, जूता पहने स्कूल पहुंचना होगा, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। शिक्षकों को इन बच्चों का डाटा एक सप्ताह में फीड कर निदेशालय भेजना होगा। इससे अभिभावकों के खातों में समय पर धनराशि भेजी जा सकेगी।
बेसिक शिक्षा विभाग में पंजीकृत बच्चों को 1200 रुपये ड्रेस, स्वेटर, जूता, मोजा के नाम पर डीबीटी के माध्यम से भेजे जाते हैं। इस साल स्कूलों में 1, 28, 423 बच्चे पंजीकृत हैं। विभागीय आंकड़ों की बात करें तो करीब 39, 871 बच्चे भी तक योजना का लाभ नहीं पा सके हैं। अमर उजाला ने दो नवंबर के अंक में 39 हजार बच्चों के लिए ड्रेस और बैग के रुपये नहीं पहुंचे शीर्षक के साथ प्रमुखता से प्रकाशित किया। खबर का संज्ञान लेते हुए बीएसए ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को जिन बच्चों का डाटा फीड नहीं हो सका है, उसे एक सप्ताह में पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
बीएसए अजय कुमार मिश्र ने बताया कि अभी तक 88, 552 से अधिक बच्चों का डाटा दुरुस्त पाया गया है, जिनके अभिभावकों के खातों में डीबीटी की धनराशि स्थानांतरित की जा चुकी है। जिन बच्चों का डाटा फीड करना बचा है, उन्हें एक सप्ताह में पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। सर्दी के मौसम ने दस्तक दे दी है, ऐसे में किसी भी बच्चे को समस्या नहीं होने दी जाएगी। समग्र शिक्षा अभियान के तहत सभी बच्चों को सुविधा उपलब्ध कराया जाना प्राथमिकता पर है।