कानपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत जरूरतमंदों के लिए एक बड़ी सौगात मिली है। शासन ने योजना के तहत भेजी गई 4500 पात्र लाभार्थियों की सूची को स्वीकृति दे दी है। इन लाभार्थियों के बैंक खातों में आवास निर्माण के लिए धनराशि जल्द ही जारी कर दी जाएगी।
योजना के तहत डूडा कार्यालय में कुल 11,000 आवेदन पत्र प्राप्त हुए थे। इन आवेदनों का नगर निगम के कर्मचारियों से सत्यापन कराया गया। इसमें 5400 आवेदकों को पात्र पाया गया, जबकि 5600 आवेदकों को अपात्र घोषित कर दिया गया। अपात्र आवेदकों में अधिकांश वे लोग थे जिनके पास पहले से ही पक्के मकान मौजूद थे। जरूरतमंदों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से ऐसे सभी नामों को सूची से हटा दिया गया।
पात्र पाए गए 5400 आवेदकों में से 4500 लाभार्थियों की सूची शासन को भेजी गई थी जिस पर अब अंतिम मुहर लग चुकी है। इस स्वीकृति के साथ ही विभागीय स्तर पर भुगतान प्रक्रिया की तैयारी तेजी से की जा रही है। योजना के तहत प्रत्येक पात्र लाभार्थी को मकान निर्माण के लिए तीन किस्तों में कुल 2.50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसमें पहली और दूसरी किस्त में एक-एक लाख रुपये और तीसरी किस्त में 50 हजार रुपये की राशि मिलेगी।
वर्जन-
4500 पात्रों की सूची शासन भेजी गई थी उसको स्वीकृति मिल चुकी है। जल्द ही शासन स्तर से धनराशि जारी की जाएगी। जल्द ही 1400 और पात्रों की सूची भेजने की तैयारी की जा रही है। - आवेश खान, परियोजना अधिकारी डूडा