कानपुर। सचेंडी में 14 वर्षीय किशोरी को अगवा कर सामूहिक दुष्कर्म के आरोपी दरोगा अमित मौर्य की लोकेशन प्रयागराज की मिली है। पुलिस की दो टीमें घेराबंदी के लिए प्रयागराज और वाराणसी के लिए रवाना हो गई हैं। इससे पूर्व बुधवार और गुरुवार को क्राइम ब्रांच ने लखनऊ की कुछ जगहों पर दबिश दी थी जहां से दरोगा के निकलने की जानकारी हुई है। कमिश्नरी पुलिस की ओर से मुख्यालय भी रिपोर्ट भेजी गई है।
सचेंडी के एक गांव निवासी युवक की ओर से दर्ज कराई रिपोर्ट के मुताबिक उसकी 14 वर्षीय बहन सोमवार रात करीब 10 बजे किसी कार्य से घर से थोड़ी दूरी पर गई थी। रात करीब 12 बजे लाैटने पर बताया कि रास्ते में काली कार सवार दो युवकों ने उसको अंदर खींच लिया और घर से दूर रेलवे लाइन किनारे ले जाकर दुष्कर्म किया। पुलिस ने अज्ञात कार सवारों पर अपहरण और दुष्कर्म की एफआईआर कराई।
बुधवार को एडीसीपी पश्चिम कपिल देव सिंह ने पीड़िता के बयान लिए जिसमें उसने यू-ट्यूबर शिवबरन यादव और दरोगा अमित मौर्य पर आरोप लगाए। उसकी शिकायत पर पॉक्सो और सामूहिक दुष्कर्म की धाराएं बढ़ाई गईं। शिवबरन सिंह को बुधवार को ही गिरफ्तार कर लिया गया था जबकि दरोगा फरार था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक दरोगा के लखनऊ में छिपे होने की सूचना आई थी जिसके बाद क्राइम ब्रांच ने वहां दबिश दी थी। टीम के पहुंचने से पहले ही दरोगा निकल गया। अब उसकी लोकेशन प्रयागराज की आई है। टीमें घेराबंदी के लिए प्रयागराज, वाराणसी और आसपास के जिले के लिए निकल गई हैं। उसके कुछ रिश्तेदारों और जान पहचान वालों से पूछताछ हुई है। रिश्तेदारों घर भी गई थी। पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल के मुताबिक आरोपी दरोगा की तलाश जारी है। उसको गिरफ्तार किया जाएगा। क्राइम ब्रांच और अन्य टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।