कानपुर। कल्याणपुर की युवती को ब्लैकमेल कर 15 लाख रुपये ठगने और उसे देह व्यापार में ढकेलने वाली उसकी पक्की सहेली श्रद्धा कटियार ही निकली। सहेली अपने प्रेमी के साथ मिलकर तीन साल से चार अलग-अलग इंस्टाग्राम आईडी से युवती को डरा धमकाकर चूना लगा रही थी। पुलिस और साइबर क्राइम ब्रांच ने इंस्टाग्राम आईडी, बैंक खाते और आईपी एड्रेस की मदद से आरोपियों को खोज निकाला। पुलिस ने सहेली को गिरफ्तार कर कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया जबकि उसके प्रेमी व अन्य साथियों की तलाश की जा रही है।
कल्याणपुर निवासी युवती ने कुछ दिन पहले ऑनलाइन एफआईआर कराई थी। इसी विवेचना कल्याणपुर पुलिस को मिली। दर्ज एफआईआर के मुताबिक युवती के पास 2023 से उनकी इंस्टाग्राम आईडी पर किसी फर्जी आईडी से मैसेज आ रहे थे। मैसेज में उनकी निजी तस्वीरें और उसे वायरल करने की धमकी दी गई। युवती ने शुरुआत में धमकियों को नजरअंदाज किया। बाद में आरोपियों ने उनकी कुछ निजी बातें बताई जिससे युवती घबरा गई। साइबर अपराधी द्वारा मोबाइल हैक कर निजी जानकारियां पता कर लेने की आशंका हुई।
शुरुआत में बदनाम करने का भय दिखाकर पीड़िता से 100, 200, 300 रुपये मांगे गए जो अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर कराए। इसके बाद आरोपियों ने राशि बढ़ा दी। युवती किसी तरह से रुपये देते रही। इसके बाद मां और घर में रखे गहनों को बेचकर रुपये चुकाए। रुपये खत्म होने पर पीड़िता को अलग-अलग होटलों में भेजा कर उससे जबरन देह व्यापार कराया गया। पीड़िता की तहरीर मिलते ही अधिकारी सतर्क हुए। उन्होंने कल्याणपुर थाने के साथ साइबर क्राइम ब्रांच को मामले की जांच दी। डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि श्रद्धा कटियार को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। उसके कानपुर निवासी प्रेमी की तलाश की जा रही है। उसके साथ कई लोगों के शामिल होने की आशंका है।