मूसानगर। थाना क्षेत्र के पुलंदर गांव में रविवार शाम संदिग्ध परिस्थितियों में एक विवाहिता का शव दोमंजिले मकान के ऊपरी हिस्से में बने कमरे में पंखे के कुंडे से दुपट्टे के सहारा लटकता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मायके पक्ष के लोगों को सूचना दे दी गई है।
पुलंदर गांव निवासी मूलचंद्र ने बताया कि पुत्र अनूप सिंह पुखरायां में रहकर एक निजी होटल में काम करता है। बहू जूली (21) उनके साथ गांव में रहती थी। रविवार को वह पत्नी राममूर्ति के साथ मूसानगर बाजार गए थे।
वहां से लौटकर आए तो देखा कि मकान की दूसरी मंजिल में बने कमरे में कुंडे से दुपट्टे के सहारे बहू जूली का शव लटका मिला। सूचना पर पहुुंची पुलिस ने शव को नीचे उतार कर पोस्टमार्टम के लिए भेेजा है।
वहीं फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए है। खबर लिखे जाने तक मायके पक्ष के लोग नहीं आए थे। थाना प्रभारी दीपक सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।