कानपुर। बिरहाना रोड की दवा मार्केट से डेढ़ लाख की टप्पेबाजी करने का आरोपी हूलागंज, घंटाघर से होते हुए टाटमिल चौराहे की ओर जाते हुए सीसीटीवी फुटेज में दिखा है। टाटमिल चौराहे पर आईटीएमएस की ओर से लगे सीसीटीवी कैमरों में तकनीकी दिक्कत आ गई जिससे टप्पेबाज की आगे की लोकेशन नहीं मिल रही है।
पुलिस को आरोपी के बाबूपुरवा क्षेत्र में जाने की आशंका है। शनिवार को वहां के सीसीटीवी फुटेज की जांच कराई जाएगी। बिरहाना रोड निवासी अभिषेक का दवा मार्केट में गोदाम है। वह बुधवार की दोपहर करीब ढाई बजे खाना खाने घर चले गए जबकि उनके पिता दुकान पर थे।
इस दौरान एक युवक दुकान में आया और नेबुलाइजर के पांच पैकेट मांगे। बुजुर्ग नेबुलाइजर लेने गए। इस बीच युवक गल्ले में रखे डेढ़ लाख रुपये लेकर फरार हो गया। कलक्टरगंज पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपी की तलाश की। शुक्रवार को पुलिस ने ऑपरेशन त्रिनेत्र के अंतर्गत लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कराई, जिसमें आरोपी ई-रिक्शे से ऑटो, ऑटो से फिर ई-रिक्शे में बैठकर जाते हुए दिखाई दिया।
उसकी लोकेशन टाटमिल चौराहे के बाद नजर नहीं आई। इंस्पेक्टर ललित कुमार के मुताबिक टाटमिल चौराहे पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कुछ दिक्कत है, जिससे आगे की लोकेशन नहीं मिल पाई है। रामादेवी चौराहा और उसके आसपास कैमरे दिखवाए गए हैं टप्पेबाज उस तरफ नहीं गया है। उसके बाबूपुरवा क्षेत्र की ओर जाने की आशंका है।